सीएम यादव ने उज्जैन में पूर्व शहर अध्यक्ष को दी पुष्पांजलि!

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को मध्यप्रदेश कांग्रेस समिति के सचिव और पूर्व शहर अध्यक्ष स्व. अमित (राम) शर्मा के नीलगंगा स्थित निवास पर पहुंचे। यहां पहुंचकर उन्होंने स्व. अमित शर्मा के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित की तथा मृतक के परिवार के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री स्व.अमित शर्मा के पिता पूर्व पार्षद अशोक शर्मा से मिले तथा उन्हें ढांढस बंधाया। इस अवसर पर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, विवेक जोशी, रवि सोलंकी और शोक संतप्त परिवार के घनश्याम शर्मा, मनोज शर्मा, वरूण शर्मा, महेन्द्र शर्मा, राजेन्द्र शर्मा, शिवम शर्मा, सुरेन्द्र शर्मा, मधुर शर्मा, आतिश शर्मा और भूषण जोशी मौजूद थे।

गौरतलब है कि रविवार को अमित शर्मा का हृदयाघात से आकस्मिक निधन हो गया था। उनके असामयिक निधन पर पार्टी में शोक छा गया। बेहद कम उम्र में अमित शर्मा के यूं चले जाने से उज्जैन सहित प्रदेशभर के कांग्रेसी नेताओं ने दुख जताया। मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने उनके निधन पर शोक संवेदना प्रकट की। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी युवा कांग्रेसी नेता अमित शर्मा के आकस्मिक निधन पर दुख जताते हुए अपने एक्स हेंडल पर शोक संंदेश जारी किया था।