उज्जैन; सदस्यता अभियान को लेकर भाजपा कार्यालय में आयोजित हुई प्रेस वार्ता!

WhatsApp Image 2024-09-06 at 18.02.14_8ef0ad68

उज्जैन। भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व और सदस्यता अभियान को लेकर भाजपा कार्यालय लोकशक्ति भवन में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस पत्रकार वार्ता को भाजपा जिला अध्यक्ष विवेक जोशी व विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने सम्बोधित किया। विवेक जोशी ने बताया कि यह अभियान 2 सितंबर से पूरे देश में शुरू किया गया है। यह अभियान केवल नए सदस्य जोड़ने का नहीं, बल्कि भाजपा के संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सशक्त और व्यापक बनाने का एक महत्त्वपूर्ण प्रयास है।

उज्जैन नगर में इस बार एक लाख पचास हजार नए सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिससे भाजपा की जड़ें और भी गहरी हो सकें। भाजपा इस बार प्रत्येक बूथ पर 300 नए सदस्य जोड़ने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य लेकर चल रही है। सक्रिय सदस्य बनने के लिए 100 साधारण सदस्य बनाना अनिवार्य है। यह अभियान दो चरणों में चलाया जाएगा—पहला चरण 2 सितंबर से 25 सितंबर तक और दूसरा चरण 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक चलेगा। इसके बाद, 16 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक सक्रिय सदस्यता की प्रक्रिया शुरू होगी। विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने कहा कि इस अभियान का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में भाजपा के केंद्रीय कार्यालय, दिल्ली से किया गया। जिसके बाद प्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने भोपाल में इस अभियान की शुरुआत की।

उन्होंने बताया कि भाजपा इस अभियान को ‘संगठन पर्व’ के रूप में मना रही है। जिसमें पार्टी के हर सदस्य को पुनः सदस्यता ग्रहण करनी होगी। इस बार सदस्यता अभियान को अभूतपूर्व सफलता दिलाने के लिए नगर के सभी मंडलों में वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और अनुभवी नेताओं को विशेष सहयोगी प्रभारियों के रूप में नियुक्त किया गया है। पहला आयाम मिस्ड कॉल 8800002024 जिसके माध्यम से लोग पार्टी से जुड़ सकेंगे। दूसरा आयाम है क्यू आर कोड। स्मार्ट फोन का उपयोग करने वाले लोग क्यू आर कोड के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी के सदस्य बन सकते हैं। नमो एप के माध्यम से भी सदस्यता गृहण की जा सकती है । भारतीय जनता पार्टी की वेबसाइट के माध्यम से भी सदस्यता ग्रहण कर सकता है। पत्रकार वार्ता में प्रदेश सह मीडिया प्रभारी सचिन सक्सेना, सदस्यता प्रभारी सत्यनारायण खोईवाल, सदस्यता सह प्रभारी मुकेश यादव, संजय अग्रवाल, विशाल राजोरिया, मीडिया प्रभारी दिनेश जाटवा, सह मीडिया प्रभारी राकेश पंड्या उपस्थित थे।