इंदौर; महिला डॉक्टर ने मंगेतर पर लगाया रेप का आरोप; मेट्रोमोनियल साइट पर हुई थी मुलाकात!

इंदौर की रहने वाली एक सरकारी महिला डॉक्टर ने अपने मंगेतर के खिलाफ रेप का केस दर्ज कराया है। जानकारी के अनुसार 28 वर्षीय महिला गुना जिले के एक अस्पताल में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर की पोस्ट पर है। इस मामले में इंदौर की तेजाजीनगर पुलिस ने प्राइमरी एफआईआर दर्ज कर गुना पुलिस को शिफ्ट कर दी है। अब आगे की जांच वहीं होगी।

महिला डॉक्टर ने पुलिस को बयान में बताया कि उसकी जान-पहचान मेट्रोमोनियल साइड शादी डाॅट कॉम से आरोपी वरुण वर्मा निवासी मंडलेश्वर-खरगोन से हुई थी। कुछ समय पहले दोनों ने सगाई कर ली थी। शादी के पहले उसने झांसा देकर गुना के सरकारी अस्पताल आकर मेडिकल रूम में रेप किया। फिर शादी से पलट गया।

मेट्रोमोनियल साइट पर हुई थी मुलाकात

तेजाजी नगर पुलिस के मुताबिक पीड़ित डॉक्टर परिवार के साथ इंदौर में ही रहती है। वह गुना जिले के एक सरकारी अस्पताल में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO) के पद पर पदस्थ है। आरोपी वरुण से उसकी पहचान साढ़े चार साल पहले शादी डॉट कॉम पर हुई थी। इसके बाद दोनों बातचीत करते रहे और पसंद करने लगे।

मई 2023 में परिवार की राजीमर्जी से आरोपी वरुण वर्मा से सगाई कर ली। तीन माह बाद अगस्त 2023 में वरुण उससे मिलने गुना जिले के सरकारी अस्पताल पहुंचा। यहां मेडिकल रूम में बैठकर दोनों ने बातचीत की। इसके बाद वरुण ने संबंध बनाने के लिए दबाव डाला। कहा कि दोनों की शादी होने वाली है इसलिए उसने जबरदस्ती संबंध बनाए। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वहां से जाने के बाद वरुण बात करने में आनाकानी करने लगा। फोन उठाना भी बंद कर दिए। आखिरी बार उससे 9 सितंबर को बात हुई तब उसने शादी करने से इनकार कर दिया था। इसके बाद परेशान होकर महिला डॉक्टर गुना से इंदौर आई और परिवार को पूरा घटनाक्रम बताया।

परिवार ने भी वरुण को फोन लगाकर बात करना चाही, लेकिन उसने कोई बात नहीं की। फिर परिवार के साथ तेजाजी नगर थाने पहुंचकर वरुण के खिलाफ रेप की एफआईआर दर्ज कराई।