राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज इंदौर में, कल करेंगी महाकाल के दर्शन; यहां देखें कार्यक्रमों की रूपरेखा!

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 18-19 सितंबर को इंदौर और उज्जैन आ रही हैं. राष्ट्रपति मुर्मू आज विशेष विमान से इंदौर आएंगी. यहां वे कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी. जानकारी के मुताबिक, वे आज शाम 4 बजे जयपुर से इंदौर के लिए रवाना होंगी. शाम 4.50 बजे इंदौर पहुंचेंगी. यहां एयरपोर्ट से एमजी रोड आएंगी. शाम 5.15 बजे मृगनयनी एम्पोरियम में स्थानीय कलाकारों से मिलेंगी. शाम 5.50 बजे रेसीडेंसी कोठी पहुंचेंगी. शाम 6.30 से 7 बजे तक प्रबुद्धजन से मुलाकात करेंगी. उसके बाद यहीं डिनर और विश्राम होगा. दूसरे दिन, यानी 19 सितंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुबह 9.20 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगी. यहां से 9.50 बजे उज्जैन जाएंगी.

10.10 बजे बाबा महाकाल की आरती में शामिल होंगी. 11.30 बजे वापस इंदौर पहुंचेंगी. 11.55 बजे रेसीडेंसी कोठी में लंच करेंगी. यहां तीन घंटे तक उनका कार्यक्रम आरक्षित रखा गया है. दोपहर 3 बजे देवी अहिल्या यूनिवर्सिटी के ऑडिटोरियम में दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी. शाम 4.35 बजे एयरपोर्ट से दिल्ली रवाना हो जाएंगी. उज्जैन के कलेक्टर नीरज सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि राष्ट्रपति का हेलीपेड पर आगमन सुबह 9:50 पर होगा. यहां उनका स्वागत मुख्यमंत्री मोहन यादव और राज्यपाल मंगू भाई पटेल करेंगे. 10 बजे वे डेंडिया कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगी और 10:10 बजे मंच पर उपस्थित होंगी.

इंदौर-उज्जैन सिक्स लेन रोड का शिलान्यास

सीएम मोहन यादव के स्वागत भाषण के बाद वे इंदौर-उज्जैन सिक्स लेन रोड का शिलान्यास करेंगी और सफाई कर्मियों को सम्मानित करेंगी. वे ई-कार्ट के माध्यम से महाकाल मंदिर पहुंचेंगी. यहां स्वस्ति वाचन और सम्मान समारोह के बाद वे मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान में भाग लेंगी. इस बीच वे महाकाल लोक का भ्रमण करेंगी. इस दौरान, एफआरवी की मूर्तियों के स्थान पर नई मूर्तियों के निर्माण कार्य में लगे शिल्पकारों से भी बातचीत करेंगी.

नो फ्लाइंग जोन घोषित, पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

राष्ट्रपति मंदिर में सफाई अभियान में भी भाग लेंगी और महाकाल लोक का भ्रमण करेंगी. अंत में वह एफआरवी की मूर्तियों के स्थान पर नई स्टोन मूर्तियों का निर्माण कर रहे शिल्पकारों से मिलेंगी. महामहिम की सुरक्षा के लिए शहर को नो फ्लाइंग ज़ोन घोषित किया गया है और 1800 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने राष्ट्रपति के दौरे की पूरी जानकारी दी.