MP; प्रदेश भर में आज कांग्रेस निकालेगी किसान न्याय यात्रा; ट्रैक्टर लेकर सड़कों पर उतरेंगे 1 लाख से ज्यादा किसान!

मध्य प्रदेश कांग्रेस किसानों की समस्याओं और मांगों को लेकर शुक्रवार को प्रदेशभर में किसान न्याय यात्रा निकालने जा रही है। सभी जिलों में निकलने वाली इस किसान न्याय यात्रा में कांग्रेस की ओर से ट्रैक्टर रैलियां निकाली जाएंगी। जानकारी के मुताबिक इस दौरान प्रदेशभर में एक लाख से अधिक किसान ट्रैक्टर लेकर सड़कों पर उतरेंगे।इंदौर में किसान न्याय यात्रा में प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी खुद शामिल होंगे।
इधर गुरुवार को कांग्रेस के दिग्गज नेता और कार्यकर्ता किसान न्याय यात्रा को लेकर बुधनी पहुंचे और सरकार से सोयाबीन के 6000, मक्का 3100 और गेहूं का समर्थन मूल्य 3250 रुपये करने की मांग की।
यह हैं प्रमुख मांगे
सोयाबीन का भाव 6000, धान का 3100 और बाजरे का भाव 2300 रुपए करने की मांग इस यात्रा के दौरान जोरशोर से उठाई जाएगी। किसान कांग्रेस के अध्यक्ष मुरैना विधायक दिनेश गुर्जर ने बताया कि पार्टी की सभी विधायक, लोकसभा विधानसभा प्रत्याशी रहे नेता, पदाधिकारी सभी एक साथ अपने-अपने इलाकों में सड़कों पर किसानों का साथ यात्रा में शामिल होंगे।
निरंतर जारी रहेगी किसान न्याय यात्रा
पटवारी ने कहा कि जब तक किसानों को न्याय नहीं मिल जाता किसानों के हक के लिए यह किसान न्याय यात्रा प्रदेश भर में निरंतर जारी रहेगी। यह सरकार किसान विरोधी सरकार है जो किसानों के साथ अन्याय, अत्याचार और जुल्म कर रही है। शिवराजसिंह चौहान यहां से विधायक बने, 20 साल मुख्यमंत्री रहें और अब देश में कृषि मंत्री हैं, जब वे मुख्यमंत्री थे तो किसान पुत्र होने का स्वांग रचते थे, उन्होंने बीस साल में हजारों बार कहा कि किसान की आय दोगुनी कर दूंगा। कहते थे किसान का बेटा हूं पैदल पैदल चलता हूं, उन्होंनें बड़ी-बड़ी बातें किसानों के लिए कहीं, एक मुख्यमंत्री के लिए 20 साल कम नहीं होते हैं, लेकिन उन्होंने किसानों के लिए कुछ नहीं किया और केंद्र में मंत्री होने के बावजूद किसानों की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
