प्रदेश में आज से शुरू होगा जनकल्याण अभियान, GIS में शामिल होने आएंगे पीएम मोदी!

Screenshot (313)

मध्य प्रदेश में मोहन सरकार के गठन के एक वर्ष पूर्ण होने पर 11 दिसंबर से 26 जनवरी 2025 तक जनकल्याण अभियान और 11 से 26 दिसंबर तक जनकल्याण पर्व मनाया जाएगा। प्रदेश के मंत्रीगण अपने प्रभार और गृह जिलों में विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। जिलों में लगने वाले शिविरों में भी आवश्यक व्यवस्थाएं मंत्रीगण द्वारा सुनिश्चित की जाएं। सांसद एवं अन्य जनप्रतिनिधि भी जनकल्याण अभियान और जनकल्याण पर्व की गतिविधियों से जुड़ेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंगलवार को मंत्रालय में कैबिनेट की बैठक के पहले मंत्रीगण को संबोधित करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मंगलवार को नई दिल्ली में भेंट हुई। भेंट के दौरान उन्हें मध्य प्रदेश आने का आमंत्रण दिया गया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया। प्रधानमंत्री ने आगामी 24 फरवरी 2025 को भोपाल में हो रही ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में आने की सहमति दी है। प्रधानमंत्री को मध्य प्रदेश में अन्य कार्यक्रमों के लिए भी आमंत्रित किया गया है। इसके लिए भी वे अपने कार्यक्रम निर्धारित कर अवगत करवाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने मध्य प्रदेश में जनकल्याण से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं केन-बेतवा और पार्वती-कालीसिंध-चंबल के लिए मध्य प्रदेश की सराहना की है। इन परियोजनाओं के भूमि-पूजन कार्यक्रमों के लिए भी प्रधानमंत्री मोदी को आमंत्रित किया गया है।