मुंबई में बड़ा हादसा, 110 यात्रियों से भरी नाव समुद्र में पलटी; 3 नौसैनिक समेत 13 लोगों की मौत!

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां पर गेटवे ऑफ इंडिया के पास लोगों से भरी एक नाव अचानक पलट गई। हादसा शाम 5.30 बजे के करीब का है।
इस हादसे में 13 लोगों की मौत हुई है। हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है। जानकारी के अनुसार नाव का नाम नीलकमल है और यह एलिफेंटा जा रही थी। इसी दौरान उरण, करंजा के पास डूबने लगी। इस नाव में कुल 110 से अधिक लोगों के सवार होने की खबर थी। बचाए गए लोगों में 4 की हालत गंभीर है। हादसे के बाद 101 लोगों को बचाया गया है।घटना के तुरंत बाद नाव में सवार लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। नौसेना, जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह प्राधिकरण (जेएनपीए), तटरक्षक बल, येलो गेट पुलिस स्टेशन और स्थानीय मछुआरों की मदद से लोगों को बचाने का प्रयास किया गया।
भारतीय नौसेना के अधिकारी ने इस हादसे पर बयान जारी किया और कहा कि मुंबई तट के पास हुए इस हादसे में 10 से ज़्यादा लोगों के मारे जाने की आशंका है। यह हादसा तब हुआ जब समुद्र में परीक्षण के दौर से गुज़र रहा नौसेना का एक स्पीड-क्राफ्ट अनियंत्रित होकर नौका से जा टकराया। नौसेना की इस नाव का इंजन हाल ही में बदला गया था और नए इंजन का परीक्षण किया जा रहा था। इंजन पूरी तरह से फंस गया और नाव अनियंत्रित होकर नीलकमल नामक नौका से जा टकराई। नौसेना की इस नाव पर 6 लोग सवार थे, जिनमें 2 नौसैनिक और इंजन सप्लाई करने वाली कंपनी के 4 सदस्य शामिल थे। नौका पर 80 वयस्क यात्री और पाँच चालक दल के सदस्य सवार थे। नौका पर मौजूद बच्चों की संख्या का पता लगाया जा रहा है, क्योंकि उन्हें टिकट नहीं दिए गए थे। तलाशी अभियान जारी है।
सीएम ने लिया संज्ञान
मुंबई में हुए इस हादसे को लेकर महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि हमें एलीफेंटा द्वीप की ओर जा रही नीलकमल नामक नाव के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली है। नौसेना, तटरक्षक, बंदरगाह और पुलिस की टीमों की नावें तुरंत सहायता के लिए भेज दी गई हैं।उन्होंने कहा कि हम जिला और पुलिस प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में हैं और सौभाग्य से, अधिकांश नागरिकों को बचा लिया गया है। हालांकि, बचाव अभियान अभी भी जारी है। बचाव अभियान के लिए सभी आवश्यक मशीनरी तैनात करने के लिए जिला प्रशासन को आदेश दिए गए हैं।
