धर्म परिवर्तन को लेकर हिंदूवादी संगठनों का हंगामा, पुलिस ने महिला को किया गिरफ्तार!

Screenshot (398)

छिंदवाड़ा के चौरई नगर के वार्ड क्रमांक 14 में रविवार को धर्म परिवर्तन की शिकायत को लेकर हिंदू वादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यहां चल रही प्रार्थना सभा को रुकवाया और तत्काल धर्मांतरण करा रही महिला को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि हंगामे की जानकारी लगते ही जैसे ही पुलिस पहुंची तो प्रार्थना सभा में शामिल लोग भाग गए।

मामले को लेकर चौरई टीआई जीएस उईके ने बताया कि चौरई के वार्ड क्रमांक 14 में रहने वाली छोटी पति वैभव पाटिल ने धर्म परिवर्तन कर लिया है। वर्ष 2013 में क्रिश्चियन धर्म अपनाने के बाद से धर्म प्रचार शुरु कर दिया। इसके बाद से महिला पिछले कुछ दिनों से चौरई क्षेत्र के कुछ गांवों, सहित अपने क्षेत्र के लोगों को बहलाने का काम करने लगी थी।

धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रही थी। छोटी बाई का दावा था कि वो क्रिश्चियन धर्म अपना लेंगे तो उनकी बीमारी ठीक हो जाएगी और उन्हें पैसों की कोई कमी नहीं होगी। क्रिश्चियन धर्म उन्हें पढ़ाई-लिखाई के लिए पैसा देगा। इन तमाम वादों को कर वो लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए उकसाती और अपने घर में प्रार्थना सभा में बुलाती थी। बीते दिन भी छोटी पाटिल ने अपने घर में प्रार्थना सभा रखी तभी हिंदूवादी संघटनों से उसे घेर लिया। इसके बाद वहां जमकर हंगामा और विरोध हुआ।

बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छोटी पाटिल को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ एमपी धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की धारा 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।

घेराव के बाद भागने लगे लोग

पुलिस ने महिला छोटी पाटिल के घर से ईसाई मिशनरी से संबंधित धार्मिक पुस्तकों को बरामद किया है। पूरे मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है। साथ ही इस चीज की भी जांच हो रही है कि इसके लिए फंडिंग कहां से आती थी।