संजय अग्रवाल बने उज्जैन BJP शहर अध्यक्ष!

लंबे इंतजार के बाद बीजेपी ने जिलाध्यक्षों की घोषणा शुरू कर दी है। सीएम के गृह जिले उज्जैन नगर में संजय अग्रवाल को नगर अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी श्याम सुंदर शर्मा ने अग्रवाल के नगर अध्यक्ष बनने का पत्र जारी किया है।
भाजपा के उज्जैन जिला चुनाव अधिकारी श्यामसुंदर शर्मा ने उज्जैन नगर में संजय अग्रवाल को जिला अध्यक्ष घोषित किया। वहीं, विदिशा जिले के चुनाव अधिकारी राधेश्याम पारिख ने महाराज सिंह दांगी को विदिशा जिला अध्यक्ष घोषित किया है। अब इसी तरह अलग-अलग जिलों में जिला अध्यक्षों के नामों की घोषणा होगी, जिसके बाद प्रदेश स्तर के सभी 62 जिला अध्यक्षों की सूची जारी की जाएगी। उज्जैन नगर के नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय अग्रवाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के करीबी हैं।
कई पदों पर रह चुके हैं अग्रवाल
संजय अग्रवाल का दाल-बेसन के व्यापारी हैं। वे भाजयुमो में नगर अध्यक्ष, भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ जिला महामंत्री, भाजपा उद्योग प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष, नगर मंत्री समेत कई पदों पर रह चुके हैं। अभी नगर जिला महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
भाजपा संगठन चुनाव के तहत जिलाध्यक्षों के चुनाव 31 दिसंबर तक होने थे। शुरुआत में यह तय किया गया था कि 1 से 15 दिसंबर तक मंडल अध्यक्षों के चुनाव होंगे और उसके बाद 16 से 31 दिसंबर के बीच जिलाध्यक्षों का चुनाव संपन्न होगा। हालांकि, दिसंबर महीने में जिलों में रायशुमारी पूरी कर ली गई, लेकिन जिलाध्यक्षों की घोषणा में दिग्गज नेताओं के बीच सहमति न बन पाने के कारण यह प्रक्रिया समय पर पूरी नहीं हो सकी। अब अध्यक्षों के नाम की घोषणा का सिलसिला शुरू हो गया है।
