उज्जैन; ऑटो में कार ने मारी टक्कर, हादसे में पिता-बेटी की मौत!

मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में शुक्रवार की रात को एक भीषण सड़क हादसे में एक पिता और उसकी छह महीने की बेटी की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना एमआर-5 रोड़ पर आलोक इंटरनेशनल स्कूल के पास हुई, जब एक ऑटो और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। जानकारी के अनुसार, ऑटो चालक शेख जीशान (38) अपनी पत्नी शहाना (30), बेटे आरिल और बेटी अनाविया को लेकर ससुराल तोपखाने से घर लौट रहे थे।
जब वे ढांचा भवन के पास पहुंचे, तो सामने से तेज रफ्तार में आ रही कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी और ऑटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में ऑटो चालक जीशान और उसकी 6 महीने की बेटी अनाविया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शहाना और आरिल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
भीषण हादसे में पिता और पुत्री की मौत के बाद ढांचा भवन और एमआर-5 के आसपास की कॉलोनी में रहने वालों का गुस्सा फुट पड़ा। उन्होंने शनिवार सुबह रोड पर चक्का जाम कर दिया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि चार लोगों की मौत पहले भी हो चुकी है। 2 किमी के रोड पर संकेतक और स्पीड ब्रेकर लगाए जाए। नीलोफर खान ने बताया कि यहां दो बढ़े स्कूल हैं। जिसमें हजारों बच्चे आते जाते हैं। लोग तेज गाड़ियां दौड़ते है। हमारी मांग है कि स्पीड ब्रेकर बनाए जाए। करीब एक घंटे तक चले चक्का जाम को खुलवाने के लिए आए पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने आज ही स्पीड ब्रेकर लगवाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद चक्का जाम खोल दिया गया।
