उज्जैन : हमले में घायल शख्स की इलाज के बाद मौत!

हमले में 59 वर्षीय जोगेंद्र सिंह गौड़ गंभीर रूप से घायल हुए थे। निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
उज्जैन के देसाई नगर में 31 जनवरी की रात जन्मदिन समारोह के दौरान डीजे की तेज आवाज को लेकर हुआ विवाद अब हत्या के मामले में बदल गया। दरअसल 31 जनवरी की रात रहवासियों और जन्मदिन मनाने वाले युवकों के बीच जमकर हथियार चले थे। इसमें डीजे की धुन पर जन्मदिन मना रहे बदमाशों को रोकने पर हुए विवाद में एक व्यक्ति घायल हुआ था। गुरुवार को उसकी मौत हो गई। मौत के बाद यह मामला हत्या में तब्दील हो चुका है।
जानकारी के अनुसार देसाई नगर में रहने वाला स्वयं त्रिपाठी 31 जनवरी को अपना जन्मदिन मना रहा था। तभी डीजे लगाकर दोस्तों के साथ सड़क पर शोर मचाने लगा। इस दौरान कुछ रहवासियों ने जब इसका विरोध किया और जोगेंद्र सिंह गौड़ ने डीजे की आवाज कम करने को कहा तो स्वयं त्रिपाठी ने अपने साथियों के साथ विवाद किया। इसके बाद जोगेंद्र ने पुलिस को बुला लिया। पुलिस पहुंचती इससे पहले स्वयं और उसके साथ जोगेंद्र के घर में घुस गया और उसने लाठी, तलवार, चाकू और अन्य हथियारों से हमला कर दिया। हमले में जोगेंद्र गौड़, विजय, गौड़, रोहित गौड़, सुमित गौड़ और अंकित गौड़ घायल हो गए। माधव नगर पुलिस ने स्वयं त्रिपाठी, तरूण गिरि, राज मेहता और जग्गू पासी सहित अन्य के खिलाफ पहले मारपीट और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया था।
अस्पताल में चल रहा था इलाज
हमले में 59 वर्षीय जोगेंद्र सिंह पर चाकू से वार किए गए थे। इसके बाद से ही उनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा था। बीती रात उनकी मौत हो गई। मृतक के परिजन चेतन बागोरा ने बताया कि घटना में शामिल तरूण गिरि, राज मेहता और ध्रुव नामक आरोपियों को अब तक पुलिस पकड़ नहीं पाई है।
हत्या सहित अन्य धाराओं में होगा प्रकरण दर्ज
एडिशनल एसपी नीतेश भार्गव ने बताया कि घटना के बाद 6 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पीड़ित पक्ष के एक व्यक्ति की मौत हो गई है। इसके चलते केस में हत्या सहित अन्य धाराओं का इजाफा होगा। कुछ नए नाम संज्ञान में आए हैं। उनकी जांच कर उनके खिलाफ भी मामला दर्ज किया जाएगा।
