बुरहानपुर : जर्जर मकान की दीवार गिरने से एक मजदूर की मौत, दो घायल!

मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में गुरुवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। शहर के पीपल घाट रोड पर गुरुवार को एक निर्माणाधीन क्षेत्र में सीवरेज पाइप डालने के दौरान एक मकान की दीवार गिरने से तीन मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में एक की मौत हो गई। एक गंभीर घायल है उसे गंभीर हालत में अस्पताल में ले जाया गया है। वहीं एक को हल्की चोटे आई हैं। नागझिरी में नाली खोदते समय हादसा हो गया।
हादसे में लोहार मंडी निवासी वसीम खान की मौत हो गई। गंभीर घायल का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। तीसरे मजदूर अयाज साहब सुरक्षित हैं। घटना की जानकारी मिलते ही गणपति नाका थाना पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। बचे हुए मजदूर अयाज ने बताया कि वे तीनों पाइप डालने के लिए नाली खोद रहे थे, तभी अचानक दीवार गिर गई।
हादसे की सूचना मिलते ही अपर कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर, सीएसपी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। प्रशासन ने जेसीबी की मदद से मलबा हटाया। इस दौरान एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
