ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर उज्जैन में निकली तिरंगा यात्रा!

उज्जैन; भारतीय सेना द्वारा आतंकियों के विरुद्ध की गई ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर भारतीय सेना के शौर्य एवं पराक्रम के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए शहर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शहीद पार्क से प्रारंभ हुई भव्य तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शहीद पार्क स्थित जय स्तंभ पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर घोड़े पर सवार होकर तिरंगा यात्रा की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार तिरंगा यात्राओं के माध्यम से पूरी दुनिया में संदेश जा रहा है कि हम सभी भारतीय एकजुट होकर समय आने पर देश कि रक्षा के लिए सर्वस्व बलिदान कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सेना ने पाकिस्तान में दाखिल होकर दुश्मनों से बदला लिया। भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और अदम्य साहस पर संपूर्ण देश को गर्व है। ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से दुनिया के सामने हमारी सेनाओं ने साहस और शौर्य के प्रमाण दिए हैं। हमने एकजुट होकर विश्व को यह संदेश दिया कि दुश्मन कितना ही चालाक क्यों न हो, हम अपनी एकता को अक्षुण्य रखेंगे। राष्ट्रीय एकता सर्वोपरि है इसे यदि शत्रु ने हानि पहुंचाने की कोशिश की तो उसे मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
आगे उन्होंने कहा उज्जैन भगवान श्री महाकालेश्वर की नगरी है, यह सम्राट विकमादित्य के पराक्रम की नगरी है। लगभग 2000 हजार साल पहले सम्राट विकमादित्य ने विदेशी आक्रमणकारीयों को पराजित कर देश से खदेड़ दिया था, आज फिर से हमारी सेना ने वही शौर्य और पराक्रम दिखाया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राष्ट्र की वेदी पर अपने चिराग न्योछावर करने वाले शहीदों के परिवार जनों को प्रणाम किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारे देश कि आन-बान और शान है। इसकी मर्यादा का सदैव ध्यान रखें।
