जबलपुर में होगा कांग्रेस का बड़ा आयोजन, आएंगे राहुल और प्रियंका गांधी!

मध्यप्रदेश के जबलपुर में 31 मई को कांग्रेस पार्टी “जय हिंद सभा” का आयोजन करने जा रही है। इस बड़े आयोजन में कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शामिल होने जा रही है। कांग्रेस की इस ऐतिहासिक सभा को लेकर कांग्रेस की तैयारियां जोरों पर शुरू कर दी हैं।
इस सभा में प्रदेश के सभी प्रमुख नेता जबलपुर आएंगे। मुख्य रूप से प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित अन्य वरिष्ठ नेता सभा में शामिल होंगे। कांग्रेस विधायक, प्रदेश पदाधिकारी व पूर्व जनप्रतिनिधि इसमें मौजूद रहेंगे। तैयारी बैठकें जारी हैं, नेता गांव-गांव पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ने सभा में 25 हजार कार्यकताओं को जोडऩे का लक्ष्य रखा है।
सभा स्थल की तैयारियों का निरीक्षण करने पहुंचे पूर्व वित्त मंत्री तरुण भनोट ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि देश की वर्तमान सरकार ने भारतवासियों की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाई है। उनका इशारा हालिया घटनाक्रमों की ओर था, जिसमें एक तीसरे देश की मध्यस्थता को लेकर देशभर में असंतोष देखा गया है।
तरुण भनोट ने कहा कि जब पूरा देश एकजुट था, तब किसी तीसरे देश की मध्यस्थता की आवश्यकता क्यों पड़ी? उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस सभा के माध्यम से कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व देश की जनता की भावनाओं को केंद्र सरकार तक पहुंचाएगा। राहुल और प्रियंका गांधी के इस कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं और जनता में खासा उत्साह है। कांग्रेस इसे राष्ट्रीय मुद्दों पर जनजागरण का मंच बना रही है।
