उज्जैन की महावीर बाग कॉलोनी में आधी रात को गोलीकांड- दो युवकों ने चलाई गोली!

इंदौर रोड की कॉलोनी में देर रात एक मकान पर गोली चलाने की वारदात हुई। वारदात सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हो गई। महावीर बाग कॉलोनी में रहने वाले विशाल सिंह कन्नौजिया रात्रि करीब एक बजे घर की गैलरी में खड़े थे, तभी दो स्कूटी सवार आए और उन्होंने रिवॉल्वर से ऊपर की तरफ गोली चलाई। निशाना चूकने से गोली गेट के पास कॉलम में लगी। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें दो युवक स्कूटी पर सवार होकर आते हुए और वापस जाते हुए दिख रहे हैं।
नानाखेड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि महावीर बाग में रहने वाले विशाल पिता मनोज कनोजिया ने थाने आकर शिकायत दर्ज कराई कि शनिवार रात उनके मकान पर गोली चलाई गई है। गोली दीवार पर लगी है। पुलिस ने घटनाक्रम के बाद मौके पर जांच के लिए पहुंची जहाँ गोली चलने की पुष्टि हुई। मामले में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ धारा 125 भारतीय न्याय संहिता का प्रकरण दर्ज किया।
पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसमें सफेद रंग की एक्टिवा पर सवार दो व्यक्ति दिखाई दिए। थाना प्रभारी के अनुसार दोनों की पहचान के साथ एक्टिवा का नम्बर ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं मामले में विशाल कनोजिया ने अपने चाचा दिनेश और उनके पुत्र नितेश पर शंका जाहिर की है। विशाल का कहना था कि उनकी दादी साथ रहती है। दादी के नाम जमीन-जायजाद है। चाचा जमीन बेचने की बात पर विवाद कर चुके हैं। थाना प्रभारी के अनुसार गोली चलाने वालोंं के गिरफ्त में आने के बाद घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आ जाएगी।
