दिल्ली में लगेगा ‘आम महोत्सव’…अंगूर-पपीते आकार के होंगे मैंगो; देश के उत्पादक ले रहे हिस्सा!

दिल्ली हाट में पांच से सात जुलाई को 33वां आम महोत्सव आयोजित होगा। इसमें अंगूर से लेकर पपीते के आकार तक के आम को प्रदर्शित किया जाएगा, जिसमें लंगड़ा, चौसा, फजरी, रतौल, हुसैनआरा, रामकेला, केसर, मल्लिका, आम्रपाली जैसी आम की खास किस्में शामिल रहेंगी। इस बार आम महोत्सव में पारंपरिक आम बागवान, सरकारी व गैर सरकारी संस्थाएं भी बड़-चढ़कर भाग ले रही हैं।

आम महोत्सव में आम से बने उत्पादों की बिक्री भी होगी, महिला व पुरुष वर्ग में आम खाओ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, बच्चों के लिए आम के विषय पर प्रश्नोत्तरी, मैंगों स्लोगन प्रतियोगिता एवं आम विषय पर मास्टर-क्लास का आयोजन भी किया जाएगा। इसके अलावा उत्सव में हस्तशिल्प एवं हथकरघा वस्तुओं की अलग से बिक्री होगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी हरदिन सायं किया जाएगा। यह उत्सव दोपहर 12 बजे से रात 9 बजे तक चलेगा। महोत्सव स्थल तक आने व जाने के लिए तिलक नगर मैट्रो स्टेशन से फ्री शटल सेवा दिल्ली पर्यटन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही है। दिल्ली के पर्यटन मंत्री सौरभ भारद्वाज पहले दिन इसका उद्घाटन करेंगे।