दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सफाई कार्य में लगे कर्मचारियों को पिकअप ने मारी टक्कर, 6 की मौत, 5 घायल

images

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। थाना फिरोजपुर झिरका सीमा के अंतर्गत इब्राहिमबास गांव के पास यह दर्दनाक हादसा उस समय हुआ जब सफाई कार्य में लगे करीब 11 कर्मचारी एक्सप्रेसवे की साफ-सफाई कर रहे थे। सुबह करीब 10 बजे एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने अचानक आकर सफाई कर्मचारियों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही 6 कर्मचारियों की मौत हो गई और 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ, जब करीब 11 सफाई कर्मचारी एक्सप्रेसवे पर सफाई कार्य कर रहे थे। अचानक आई तेज रफ्तार पिकअप ने इन कर्मचारियों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छह कर्मचारियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायल पांच कर्मचारियों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। देखते ही देखते सड़क पर भारी भीड़ जमा हो गई। एंबुलेंस, रोड सुरक्षा एजेंसी के वाहन और पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं। हादसे की भयावहता ऐसी थी कि आसपास के लोग स्तब्ध रह गए। कई शवों के टुकड़े अलग-अलग हो गए।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और पिकअप चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस की ओर से बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से हादसे की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा। यह हादसा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर होने वाली दुर्घटनाओं की कड़ी में एक और दुखद घटना है।