बरेली; डोली से पहले उठी भाई की अर्थी; बहन की शादी के दिन करंट से भाई की मौत!

बरेली में एक शादी वाले घर में उस समय कोहराम मच गया। जब बहन की शादी से पहले करंट की चपेट में आने से भाई की मौत हो गई और बड़ी बहन करंट से घायल हो गई।

हर्रामपुर गांव निवासी जयवीर (21) पुत्र कुंवरपाल मजदूरी करने के साथ खेतीबाड़ी में भी पिता का सहयोग करते थे। गुरुवार को उनकी बहन मीरा की बरात आनी थी। इसको लेकर सुबह से ही तैयारियां की जा रही थीं। बहन को दहेज में देने के लिए जयवीर पंखा खरीदकर लाए थे। दोपहर के समय इसी पंखे से करंट लगने की वजह से वह बेसुध होकर गिर गए।

मौके पर मौजूद लोगों ने पंखे का प्लग स्विच से निकाला मगर तब तक जयवीर बुरी तरह झुलस गए थे। उपचार के लिए ले जाते समय उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे की जानकारी पर गांव वालों की भीड़ उनके मकान के बाहर जुट गई। हर किसी की आंख नम दिखी।
परिजनों ने बताया कि चूंकि शादी की सभी तैयारियां हो चुकी हैं, ऐसे में इसे निरस्त नहीं किया जा सकता। एक सादे समारोह में शाम के समय विवाह की रस्में अदा की गईं। दुल्हन की विदाई के बाद शुक्रवार को शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा। जयवीर की मौत के बाद पत्नी संगीता, मां सुरजा देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आठ भाई-बहनों में जयवीर तीसरे नंबर के थे। उनका एक बेटा भी है।