हाथरस हादसे के बाद पहली बार सामने आया भोले बाबा; कहा- उपद्रवी बख्शे नहीं जाएंगे, बहुत दुखी हैं…

हाथरस भगदड़ के बाद सूरज पाल उर्फ भोले बाबा उर्फ नारायण साकार विश्व हरि पहली बार मीडिया के सामने आया है। बाबा ने मीडिया के सामने बयान दिया है। उसने कहा है कि दो जुलाई की घटना से बहुत दुखी हूं। बाबा ने कहा कि भगवान हमें इस दर्द को सहने की शक्ति दे।

भोले बाबा का यह बयान हाथरस हादसे के मुख्य आरोपी और सेवादार देव प्रकाश मधुकर की गिरफ्तारी के बाद सामने आया। शुक्रवार देर रात हाथरस सत्संग के मुख्य आयोजक देव प्रकाश ने दिल्ली के एक अस्पताल में पुलिस के सामने सरेंडर किया। इसकी पुष्टि खुद भोले बाबा के वकील एपी सिंह ने की।

सूरजपाल उर्फ ‘भोले बाबा’ ने कहा कि कृपया सरकार और प्रशासन पर भरोसा रखें। मुझे विश्वास है कि जिसने भी अराजकता फैलाई है, उसे बख्शा नहीं जाएगा। सूरजपाल ऊर्फ भोले बाबा ने कहा कि पीड़ितों की मदद करूंगा। मृतकों के परिजनों के हमेशा साथ हूं। सूरजपाल ने भगदड़ को साजिश बताया।

हाथरस भगदड़ का मुख्य आरोपी मधुकर गिरफ्तार

इससे पहले, हाथरस में सत्संग के दौरान भगदड़ से हुई 121 मौतों के मामले में फरार मुख्य आरोपी देवप्रकाश मधुकर ने शुक्रवार की रात को दिल्ली में आत्मसमर्पण कर दिया। सुप्रीम कोर्ट के वकील एपी सिंह ने दावा किया कि मधुकर को रात दस बजे यूपी पुलिस के विशेष जांच दल को सौंप दिया है।