बदायूं; संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिला BA के छात्र का शव!

बदायूं के जवाहरपुरी इलाके में बीए की छात्र ने आत्महत्या कर ली। शुक्रवार सुबह उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस को आशंका है कि घटना से पहले छात्र किसी से फोन पर बात कर रहा था। उसका फोन में कब्जे में लिया गया है।

उसहैत थाना क्षेत्र के गांव भकरौली निवासी कौशल शाक्य पुत्र भीमसेन सिविल लाइंस के मोहल्ला जवाहरपुरी में मीरा शर्मा के मकान में किराये पर रहता था। वह बरेली के एक कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। यहां पर रहकर वह सेना भर्ती की तैयारी भी कर रहा था। मीरा शर्मा का कहना है कि शुक्रवार सुबह जब कौशल के कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने कुछ आशंका हुई।

इस पर उन्होंने कमरे का दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। उन्होंने कमरे में झांककर देखा पंखे से छात्र का शव फंदे से लटका हुआ था। यह देखकर वह हैरान रह गईं और तुरंत थाना पुलिस को सूचना दी, जिससे थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना के बारे में छात्र के परिवार वालों को बताया। जिससे वह भी मौके पर आ गए। उसके बाद छात्र का शव फंदे से उतारा गया।

मोबाइल से राज तलाशने की कोशिश की

पुलिस ने कौशल का मोबाइल कब्जे में ले लिया है। हालांकि मोबाइल लॉक होने के कारण पुलिस फिलहाल उसे अनलॉक कराने की कोशिश में है। वहीं यह भी पता लगाया जा रहा है कि आखिरी बार कौशल से किसकी बात हुई थी।

एसएचओ सिविल लाइंस संजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों ने बताया कि कौशल के पिता खेती किसानी करते हैं। उनके पांच बेटे व एक बेटी है। पांच बेटों में कौशल सबसे छोटा था।