उज्जैन; एक्टिवा को लेकर दो भाइयों के बीच चले लाठी-डंडे; एक ने फोड़ दिया दूसरे का सिर!

उज्जैन के नीलगंगा थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर कॉलोनी में दो भाइयों के बीच दो पहिया वाहन को लेकर हुआ विवाद हिंसक रूप ले लिया। शनिवार रात को हुई इस घटना में एक भाई ने दूसरे पर लाठी से हमला कर दिया, जिससे एक व्यक्ति घायल हो गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक भाई दूसरे को लाठी से पीटते हुए दिख रहा है।

घायल को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में क्रॉस प्रकरण दर्ज किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नीलगंगा थाना क्षेत्र के तीन बत्ती चौराहा पर स्थित प्रकाश नगर में रहने वाले दो भाई प्रदीप जूनवाल और मनोज जूनवाल के बीच दो पहिया वाहन को लेकर शनिवार रात विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ा कि मनोज ने प्रदीप पर लाठी से हमला कर दिया। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में एक भाई ने दूसरे को लाठी से बीच सड़क पर मारा। घायल प्रदीप को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मनोज ने उससे एक्टिवा मांगी थी। नहीं देने पर विवाद करने लगा। मनोज ने लाठी निकालकर प्रदीप को पीटना शुरू कर दिया। मारपीट में उसकी पत्नी को भी चोट आई है।

मामले में नीलगंगा थाना प्रभारी ने बताया कि वाहन को लेकर विवाद हुआ है। प्रदीप का कहना है कि वाहन नहीं देने पर मनोज ने लाठी से पीटा। वहींं, मनोज का कहना है कि प्रदीप ने विवाद के बाद उसकी जांघ पर चाकू से हमला किया है। दोनों की रिपोर्ट पर क्राॅस केस दर्ज किया है।