एमपी में मानव तस्करी; भोपाल की महिला को राजस्थान में बेचा!

24397-manav-taskari-sidhi-news

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में बुधवार को मानव तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में 3 महिलाओं समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों ने हबीबगंज थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला को 50 हजार रुपए में बेच दिया था। डेढ़ महीने बाद आरोपी के चंगुल से छूटकर आई महिला ने हबीबगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

50 हजार में किया सौदा 

पीड़िता ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि आरोपी उसे काम दिलाने के बहाने राजस्थान लेकर गए थे, लेकिन राजसमंद जिले में रहने वाले एक व्यक्ति से 50 हजार रुपए लेकर मेरा सौदा कर दिया। महिला ने काफी विरोध किया, लेकिन उसे डरा धमकाकर चुप करा दिया गया।

डेढ़ माह तक शारीरिक शोषण

सौदे के बाद आरोपी ने महिला से शादी की और करीब डेढ़ महीने तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा। इस बीच महिला को मौका मिला तो वह भागकर भोपाल पहुंच गई। यहां उसने हबीबगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह यहां शादी-पार्टियों में खाना बनाने और बर्तन साफ करने का काम किया करती थी। इसी दौरान छाया देशमुख, पूजा, संतोष और मनोज से संपर्क हुआ। उन्होंने अच्छा काम दिलाने का लालच देकर राजस्थान ले गए और वहां एक व्यक्ति के हवाले कर दिया। मानव तस्करी के इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि, गैंग के 5वें सदस्य की तलाश की जार रही है।