उज्जैन; बड़नगर के ग्राम लिखोदा में दो पक्षों में खूनी संघर्ष एक व्यक्ति की मौत, 10 लोग घायल!

उज्जैन के बडनगर के लिखोदा गांव में पुराने विवाद में दो पक्षों में विवाद हो गया, जो खूनी संघर्ष में बदल गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने बलवा समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। विवाद में गंभीर रूप से घायल लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। एसडीओ पुलिस महेंद्र परमार ने बताया दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज किया है, मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार रुस्तम खां के बेटे समीर खां और रईस खां की बेटी के बीच संबंधों को लेकर दोनों परिवारों में विवाद चल रहा था। कुछ समय पहले दोनों पक्षों ने बैठक कर विवाद सुलझा लिया था, लेकिन इसी बात को लेकर एक बार फिर विवाद हो गया। विवाद ने इतना बढ़ा कि दोनों ही पक्षों में जमकर हथियार चले, जिसमें 10 से अधिक लोग घायल हो गए। वहीं, गंभीर रूप से घायल शहजाद खां की उपचार के लिए उज्जैन ले जाते समय मौत हो गई। मारपीट में एक पक्ष से आबिद, अलताफ, रहीम, आसीम घायल हुए हैं। वहीं, दूसरे पक्ष से रईस खां, नाहरू, रुस्तम, अफसाना और एक अन्य घायल हुआ है।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान ट्रैक्टर से भी लोगों को कुचलने का प्रयास किया गया। इस दौरान एक पक्ष के लोगों भाग कर अपनी जान बचाई, नहीं तो और भी गंभीर घटना हो सकती थी। बताया जाता है कि लड़ाई में दोनों ही पक्षों द्वारा जमकर हथियार चलाए गए, जिसमें गोली चलाने की बात भी कही जा रही है। घटना स्थल मृतक शहजाद का खेत बताया जा रहा है।
मृतक शहजाद की लाश एंबुलेंस में लेकर परिजन बड़नगर थाना पहुंचे। जहां परिजन और अन्य परिचित बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए और त्वरित कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। थाना प्रभारी ने समझाइश देते हुए कहा कि प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। आगे की कार्रवाई भी की जा रही है। इसके बाद लोग शांत हुए।
