उज्जैन में 5,108 लोगों ने सामूहिक गीता पाठ कर रचा कीर्तिमान!

Screenshot (320)

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप इस वर्ष मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग और महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ के संयुक्त तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसमें विश्व गीता प्रतिष्ठानम, त्रिवेणी कला एवं पुरातत्व संग्रहालय और इस्कॉन के द्वारा भी आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है।

करीब 5108 बच्चों ने सुबह 11:00 बजे गीता का पाठ शुरू कर दोपहर 12:00 बजे गीता पाठ पूर्ण किया। कार्यक्रम में सुबह से ही विभिन्न स्कूलों व कॉलेजों और संस्कृत विद्यालय गुरुकुल में अध्ययन करने वाले विद्यार्थी कालिदास अकादमी परिसर में पहुंच गए थे। सभी को गीता पाठ की पुस्तिका भी उपलब्ध कराई गई थी। सुबह 11बजे एक स्वर में गीता पाठ प्रारंभ हुआ जो दोपहर 12 बजे संपन्न हुआ।

5172वीं गीता जयंती के अवसर पर 5,108 लोगों के द्वारा कालिदास अकादमी परिसर में सामूहिक गीता पाठ किया गया। सामूहिक गीता पाठ कार्यक्रम में उज्जैन जिले के 54 स्कूलों के विद्यार्थी, विभिन्न आश्रमों के वेदपाठी, संस्कृत महाविद्यालय के विद्यार्थी शामिल हुए। सभी के द्वारा श्रीमद् भगवद गीता के विनियोग, न्यास, ध्यान, माहात्म्य सहित 11वें, 12वें और 15वें मूल अध्याय का पाठ किया गया।