MP; राजगढ़ के अस्पताल में चोरों ने काटी ऑक्सीजन सप्लाई पाइप, संकट में आई 11 नवजातों की जान!

मध्य प्रदेश में राजगढ़ जिला अस्पताल में ऑक्सीजन सपोर्ट पर भर्ती 11 नवजात शिशुओं की जान चोरों ने अपनी करतूत से संकट में डाल दी। जिस पाइप से नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (एसएनसीयू) में ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा रही थी, उसे ही चोर काटकर ले गए। पाइप कटते ही ऑक्सीजन की आपूर्ति बंद हो गई।
समय पर बज गया अलार्म नहीं हो जाती दुर्घटना
अलार्म बजने के बाद हरकत में आए प्रबंधन ने वैकल्पिक ऑक्सीजन सिलिंडर से किसी तरह बच्चों की जान बचाई। गनीमत रही कि वैकल्पिक सिलिंडर उपलब्ध थे। जानकारी के अनुसार एसएनसीयू वार्ड में मंगलवार रात 23 शिशुओं को भर्ती किया गया था। 11 शिशु ऑक्सीजन सपोर्ट पर थे।
बुधवार तड़के करीब 4.30 बजे अज्ञात चोर प्लांट के नजदीक से ही करीब 10 फीट लंबा पाइप काट ले गए। ऑक्सीजन सप्लाई बंद होने से जब बच्चे रोने-चिल्लाने लगे। स्वास्थ्य कर्मी कुछ समझ पाते, तब तक ऑक्सीजन खत्म होने की जानकारी देने वाला अलार्म बज उठा। खतरे की भनक लगते ही डॉक्टर पहुंचे और वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर रखे ऑक्सीजन सिलिंडर चालू कर बच्चों की जान बचाई।
