मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संस्कृति सलाहकार बने श्री राम तिवारी!

whatsapp-image-2024-12-28-at-120520-pm_1735368387

मध्यप्रदेश शासन ने वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव और महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ के निदेशक श्रीराम तिवारी को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संस्कृति सलाहकार बनाया है। राज्य सरकार ने श्रीराम तिवारी को मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार के रूप में अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी किया है।

आदेश के अनुसार श्रीराम तिवारी को उनके मौजूदा कार्यों के साथ-साथ मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। तिवारी को इस अतिरिक्त प्रभार के लिए अलग से किसी प्रकार का वेतन, मानदेय या भत्ते नहीं दिए जाएंगे। उनका वेतन और मानदेय उनके मूल पद से ही आहरित होगा।  श्रीराम तिवारी वर्तमान में वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव और महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ के निदेशक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनके अनुभव और दक्षता को देखते हुए उन्हें यह नई जिम्मेदारी दी गई है।

तिवारी ने साहित्य, भारतीय प्राच्यविद्या, कला, सिनेमा और स्वराज पर आधारित 100 से अधिक पुस्तकों का संपादन और प्रकाशन किया है। कलाकारों व युवा प्रतिभाओं को प्रेरित करने वाले मार्गदर्शक भी रहे हैं। तिवारी ने छत्तीसगढ़ सरकार में भी संस्कृति, पुरातत्व व पर्यटन सलाहकार के रूप में कार्य और भारतीय कालगणना की प्राचीनतम पद्धति पर आधारित विक्रमादित्य वैदिक घड़ी की स्थापना भी करवाई है।