IND vs AUS: रोमांचक स्थिति में पहुंचा अंतिम टेस्ट; भारत ने ऑस्ट्रेलिया पर 145 रन की बनाई बढ़त!

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला सिडनी में जारी है। शनिवार को दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने अपनी दूसरी पारी में छह विकेट गंवाकर 141 रन बना लिए हैं। भारत ने अपनी पहली पारी में 185 रन बनाए थे। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी 181 रन पर सिमट गई। पहली पारी के आधार पर भारत ने 145 रनों की बढ़त हासिल कर ली है।
दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक रवींद्र जडेजा आठ रन और वॉशिंगटन सुंदर छह रन बनाकर नाबाद हैं। भारतीय टीम की शुरुआत ठीक ठाक रही थी। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने पहले विकेट के लिए 42 रन जोड़े थे। राहुल 13 रन बनाकर और यशस्वी 22 रन बनाकर बोलैंड का शिकार बने। शुभमन गिल 13 रन बनाकर वेबस्टार का शिकार बने। विराट कोहली एक बार फिर ऑफ स्टंप से बाहर की गेंद को छूने के प्रयास में स्लिप में कैच आउट हुए। वह छह रन बना सके। बोलैंड ने एक बार फिर कोहली का शिकार किया। पंत ने 33 गेंद में छह चौके और चार छक्के की मदद से 61 रन की साहसिक पारी खेली। वहीं, नीतीश रेड्डी लगातार तीसरी पारी में फेल रहे। वह चार रन बना सके। ऑस्ट्रेलिया की ओर से बोलैंड ने अब तक चार विकेट लिए हैं, जबकि कमिंस और वेबस्टर को एक-एक विकेट मिला।
