MP के 9 जिलों में आज कोल्ड-डे का अलर्ट!

मध्य प्रदेश में लगातार ठंड रिकॉर्ड तोड़ रही है। नवंबर-दिसंबर माह में जहां कई रिकॉर्ड टूटे वहीं अब जनवरी में भी रिकॉर्ड टूटना शुरू हो गया है। जनवरी में कड़ाके की ठंड के दूसरे दौर जारी है। इस साल जनवरी में पहली बार इतनी सर्दी पड़ रही है। हिल स्टेशन पचमढ़ी में पारा रिकॉर्ड 0.2 डिग्री पर पहुंच गया है। वहीं, भोपाल में 10 साल का रिकॉर्ड टूटा है। ऐसा ही मौसम गुरुवार को भी बना रहेगा। प्रदेश के 9 जिलों में कोल्ड-डे का अलर्ट है। वहीं, सुबह करीब 20 जिलों में कोहरा छाया है। बर्फीली हवा चलने से प्रदेश के शहरों में दिन-रात कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पिछली 2 रातों से पारा काफी नीचे लुढ़का है।
मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, लद्दाख में बर्फ पिघल रही है। जिससे हवा की रफ्तार भी तेज हो गई है। बुधवार को जेट स्ट्रीम हवाओं की रफ्तार 268 किमी प्रतिघंटा रही। मौसम विभाग के अनुसार, जनवरी में प्रदेश का मौसम ठंडा ही रहेगा। 20 से 22 दिन तक शीतलहर चलने का अनुमान है। जनवरी के पहले सप्ताह में भी कड़ाके की ठंड पड़ी थी। अब दूसरा दौर शुरू हुआ है। आज नीमच, मंदसौर, निवाड़ी, छतरपुर, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में कोल्ड डे रहेगा।
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में रात के साथ दिन के तापमान में भी काफी गिरावट देखी जा रही है। बुधवार को दिन में रीवा सबसे ठंडा रहा। यहां पारा 19.5 डिग्री दर्ज किया गया। सीधी में 19.8 डिग्री, मलाजखंड में 20 डिग्री, जबलपुर में 21.2 डिग्री, रायसेन-उमरिया में 21.4 डिग्री, दमोह में 21.5 डिग्री, टीकमगढ़ में 21.8 डिग्री, पचमढ़ी, नौगांव-शिवपुरी में 22 डिग्री, खजुराहो में 22.2 डिग्री, भोपाल-नरसिंहपुर में 22.4 डिग्री, गुना में 23 डिग्री, बैतूल-धार में 23.2 डिग्री, ग्वालियर में 23.3 डिग्री, सागर में 23.7 डिग्री और इंदौर-उज्जैन में 24.5 डिग्री दर्ज किया गया।
