Ujjain News: प्रदेश सरकार में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बाबा महाकाल के किए दर्शन!

मध्यप्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अपने उज्जैन प्रवास के दौरान सपत्नीक श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर श्री महाकालेश्वर भगवान के दर्शन किए। महाकालेश्वर मंदिर में पूजन राम पुजारी के द्वारा सम्पन्न करवाया गया। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से समिति सदस्य राम पुजारी और अभिषेक शर्मा द्वारा राजपूत का सम्मान किया गया।
महाकाल मंदिर के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने बताया कि प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत बुधवार को उज्जैन पहुंचे थे। उन्होंने उज्जैन प्रवास के दौरान पत्नी सविता सिंह राजपूत के साथ महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर भगवान महाकाल के दर्शन किए। साथ ही मंदिर में गर्भगृह की चौखट से भगवान महाकाल का अभिषेक कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की और नंदी हाल में बैठकर पत्नी के साथ ध्यान भी लगाया।
बाबा महाकाल के दर्शन करने के बाद मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मीडिया से कहा कि जब भी मैं उज्जैन आता हूं तो बाबा महाकाल का दर्शन और आशीर्वाद लेना नहीं भूलता हूं। आज भी मैंने भगवान महाकाल से मध्यप्रदेश की जनता के कल्याण, सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की है। बाबा महाकाल की कृपा से प्रदेश निरंतर विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।
मीडिया से बातचीत के बाद आपने महाकाल मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा, महाकाल लोक के विकास से उज्जैन की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं और मंदिर की भव्यता भी बढ़ी है।
