भिंड के टोल प्लाजा पर फायरिंग, 2 कर्मचारियों को लगी गोली, CCTV आया सामने!

Screenshot (29)

भिंड के गोपाल स्टेट हाईवे टोल प्लाजा पर फायरिंग का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग में दो कर्मचारियों को गोली लगी है। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। दोनों कर्मचारियों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस द्वारा सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की पहचान किए जाने की कोशिश की जा रही है।

इस हमले में गोली लगने से टोल कर्मचारी रमेश यादव घायल हो गया और वहीं दूसरा टोल कर्मचारी सुभाष पंडित भी घायल हो गया। टोल मैनेजर अजय प्रताप सिंह कुशवाह और विमलेश ने बताया कि ऊमरी की ओर से तीन बाइक पर सवार होकर 9 आरोपी आए और आते ही ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। साथ ही लाठी-डंडों से उनके साथ मारपीट भी की।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक पर सवार होकर भिंड की ओर फरार हो गए। टोल कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। मामले की जानकारी मिलते ही डीएसपी दीपक तोमर और थाना प्रभारी शिव प्रताप राजावत पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।