MP: शिवपुरी में अंधविश्वास का शिकार बना मासूम, तांत्रिक ने 6 माह के बच्चे को आग पर लटकाया तो जल गई आंखें!

download (2)

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक अंधविश्वास का मामला सामने आया है। यहां एक तांत्रिक ने 6 महीने के बच्चे को आग के ऊपर उल्टा लटका दिया। इससे मासूम का चेहरा बुरी तरह झुलस गया। डॉक्टर्स ने बताया कि, उसकी दोनों आंखों का कॉर्निया झुलस गया। बच्चे का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

घटना कोलारस में 13 मार्च की है। जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे 6 माह के मासूम मंयक को उसकी मां तांत्रिक रघुवीर धाकड़ (50) के पास ले गई। वह कुछ दिन से बीमार चल रहा था। झाड़-फूंक के नाम पर रघुवीर ने बच्चे के दोनों पैर पकड़कर उसे आग के ऊपर उल्टा लटका दिया।

आग की लपटों से बच्चे का चेहरा जल गया और आंखों में धुआं भर गया। घटना के तुरंत बाद बच्चे की मां उसे शिवपुरी जिला अस्पताल लेकर पहुंची। मामला आज सामने आया है। पुलिस ने तांत्रिक रघुवीर धाकड़ के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

आरोपी को बचाने में लगे माता-पिता

पुलिस के अनुसार, बच्चे के माता-पिता आरोपी को बचाने का प्रयास कर रहे थे। वे कह रहे थे कि बच्चा चाय बनाने के दौरान आग की चपेट में आ गया। एसपी अमन सिंह राठौड़ ने गांव के कोटवार जनवेद परिहार को फरियादी बनाकर मामला दर्ज कराया।

बच्चे की आंखों की रोशनी लौटना मुश्किल

जिला अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. गिरीश चतुर्वेदी ने बताया कि घटना में बच्चे की दोनों आंखों का कॉर्निया झुलस गया है। बच्चे की दृष्टि वापस आएगी या नहीं, यह अगले 72 घंटे में पता चलेगा। फिलहाल उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है। डॉक्टर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।