इंदौर; वृद्ध ने पत्नी की हत्या के बाद खुद तीसरी मंजिल से नीचे छलांग लगा कर दी जान!

Screenshot (247)

मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में एक शख्स ने अपनी पत्नी के गले सहित शरीर में कई जगहों पर कैंची घोप दी। इस घटना में पत्नी की मौत हो गई। वहीं आरोपी पति घटना को अंजाम देने के बाद भाग कर छत पर पहुंचा। वहां तीसरी मंजिल से उसने नीचे छलांग लगा दी। छत से गिरने के बाद बुजुर्ग व्यक्ति की भी मौत हो गई। वहीं पुलिस का कहना है कि पारिवारिक कलह की वजह से उसने इस घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने बताया कि दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। फिलहाल पुलिस की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।

सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) शिवेंदु जोशी ने बताया कि पूरा मामला अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र की सिल्वर पैलेस कॉलोनी का है। यहां ताराचंद खत्री (70) ने अपनी पत्नी सीमा खत्री (65) के गले और दूसरे अंगों पर कैंची से कई बार घातक हमला किया। इस हमले में सीमा खत्री की मौत हो गई। उन्होंने बताया, ‘‘शोर सुनकर ताराचंद की बहू जब मौके पर पहुंची और उसने अपने ससुर के हाथ में कैंची देखी। इस पर ताराचंद भागता हुआ घर की तीसरी मंजिल पर गया और छत से छलांग लगा दी।’’

छत से कूदने के बाद हुई मौत

एसीपी ने आगे बताया कि छत से कूदने के बाद ताराचंद गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आनन-फानन में ताराचंद को घायल अवस्था में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान ताराचंद खत्री की अस्पताल में मौत हो गई। उन्होंने बताया, ‘‘पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला कि ताराचंद और उसकी पत्नी के बीच लम्बे वक्त से कलह चल रही थी। ताराचंद चिड़चिड़े स्वभाव का था और वह अक्सर पत्नी से झगड़ा करता था।’’ एसीपी ने बताया कि पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।