उज्जैन; पंचक्रोशी यात्रा में शामिल महिला श्रद्धालु को एंबुलेंस ने कुचला, गंभीर रूप से हुई घायल!

Screenshot (294)

उज्जैन; पंचक्रोशी यात्रा के दौरान एक महिला श्रद्धालु को एम्बुलेंस ने कुचल दिया। दुर्घटना गुरुवार देर शाम उस समय हुई जब महिला अपनी बेटियों के साथ सड़क किनारे बैठकर तरबूज खा रही थीं। गंभीर रूप से घायल महिला को पहले चरक अस्पताल ले जाया गया, बाद में स्थिति बिगड़ने पर उन्हें इंदौर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है।

सांवेर के पास ग्राम किठौदा निवासी 60 वर्षीय मांगूबाई पति कालूसिंह पंवार अपनी दो बेटियों के साथ नागचंद्रेश्वर मंदिर से बल लेकर पंचक्रोशी यात्रा पर निकली थीं। यात्रा के दौरान वे जत्थे के साथ कालियादेह महल पड़ाव की ओर बढ़ रही थीं। पड़ाव स्थल से कुछ दूरी पर दोनों बेटियों संग सड़क किनारे तरबूज खाने बैठी थीं, तभी तेज गति से आ रही अमलतास अस्पताल की एम्बुलेंस ने उन्हें चपेट में ले लिया। पहियों में उलझने से मांगूबाई गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हादसे के बाद बेटियों और राहगीरों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया और उसी एम्बुलेंस से चरक अस्पताल लाया गया। जानकारी के अनुसार, अमलतास अस्पताल द्वारा कालियादेह महल पड़ाव पर पंचक्रोशी यात्रियों के लिए शिविर लगाया गया है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी देर शाम अस्पताल पहुंच गए थे। डॉ. जितेन्द्र शर्मा ने प्राथमिक उपचार के बाद मांगूबाई को वार्ड में भर्ती किया, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर उन्हें इंदौर रोड के एक निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया। भैरवगढ़ थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।