जम्मू: वैष्णो देवी भवन मार्ग पर हादसा, भूस्खलन में 2 की मौत!

श्री माता वैष्णो देवी भवन मार्ग पर हादसा हो गया है। पंछी हेलीपैड के पास हुए भूस्खलन की वजह से 2 लोगों की मौत की खबर है। हादसे में कई श्रद्धालुओं के फंसे होने की आशंका है। माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के द्वारा राहत और बचाव का कार्य जारी है।

जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर के नए रास्ते पर सोमवार को भूस्खलन होने से दो महिला तीर्थयात्रियों की मौत हो गई। वहीं एक लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई। तीर्थयात्री मंदिर की ओर जा रहे थे, तभी भूस्खलन के कारण वो लोहे के ढांचे के नीचे उसकी चपेट में आ गए।

अधिकारियों ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजकर 35 मिनट पर भवन से तीन किमी आगे पंछी के पास भूस्खलन हुआ, जिससे ऊपरी लोहे की संरचना का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। भूस्खलन के तुरंत बाद बचाव अभियान शुरू किया गया और एक महिला सहित तीन घायल तीर्थयात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन के तुरंत बाद बचाव अभियान शुरू किया गया और रास्ते पर तीर्थयात्रियों की आवाजाही रोक दी गई।