उज्जैन; महिला दिवस पर महिला पुलिसकर्मियों ने निकाली बाइक रैली!

महिला दिवस के अवसर पर उज्जैन में 50 से अधिक महिला पुलिसकर्मियों ने वाहन रैली निकालकर यातायात नियमों के पालन, महिलाओं की सुरक्षा और निर्भीक जीवन जीने का संदेश दिया। रैली के दौरान महिलाएं हाथों में संदेश लिखी तख्तियां लेकर चल रही थीं, जिससे जागरूकता फैलाई गई।
एडिशनल एसपी पल्लवी शुक्ला के अनुसार, यह बाइक रैली पुलिस कंट्रोल रूम से शुरू हुई, जिसमें 50 से अधिक बाइक शामिल थीं, जिन्हें महिला पुलिसकर्मियों ने खुद ड्राइव किया। यह रैली तीन बत्ती चौराहा, टॉवर चौक, चामुंडा माता मंदिर, देवासगेट चौराहा और फव्वारा चौक होते हुए वापस पुलिस कंट्रोल रूम पहुंची।
इस आयोजन में सीएसपी श्वेता गुप्ता, दीपिका शिंदे सहित अन्य महिला अधिकारी भी शामिल हुईं। एडिशनल एसपी पल्लवी शुक्ला ने बताया कि इस रैली का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा, “महिलाओं को बिना किसी डर के आत्मनिर्भर बनना चाहिए, और उज्जैन पुलिस हमेशा उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर है।”
