31 मार्च या 1 अप्रैल कब है ईद? जानें भारत, सऊदी अरब में कब दिखेगा ईद का चांद और कब मनेगी ईद?

भारत में ईद उल फितर का त्योहार बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। ये पर्व रमजान महीने के खत्म होने के बाद यानी शव्वाल महीने की पहली तारीख को पड़ता है। ऐसा कहा जाता है कि इस पर्व की शुरुआत पैगंबर मुहम्मद ने की थी। ये पर्व इस्लाम धर्म के लोगों की एकता और आध्यात्मिक शुद्धि का प्रतीक माना जाता है। ईद के दिन विशेष नमाज अदा की जाती है। इस दिन मुस्लिम लोग अल्लाह का शुक्रिया अदा करते हैं और जाने-अनजाने में हुई अपनी गलतियों की क्षमा मांगते हैं। चलिए आपको बताते हैं इस साल ईद का त्योहार कब मनाया जाएगा।
जानकारी अनुसार ईद का चांद सऊदी अरब में 29 मार्च को दिख सकता है तो वहीं भारत में 30 मार्च को दिखने की उम्मीद है। अगर सऊदी अरब में ईद का चांद 29 मार्च को दिखता है तो यहां ईद का त्योहार 30 मार्च को मनाया जाएगा वहीं भारत में ईद 31 मार्च को पड़ेगी। लेकिन अगर सऊदी में चांद 30 मार्च को दिखता है तो भारत में ये त्योहार 1 अप्रैल को मनाया जाएगा।
- ईद-उल-फितर खुशियों, मोहब्बत और आपसी भाईचारे का त्योहार है। इस खास दिन की शुरुआत सुबह जल्दी उठकर नहाने और नए कपड़े पहनने से होती है। इसके बाद लोग मस्जिदों और ईदगाहों में जाकर ईद की नमाज अदा करते हैं। नमाज के बाद एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद देते हैं और रिश्तों में और मजबूती लाते हैं।
- ईद को मीठी ईद भी कहा जाता है, क्योंकि इस दिन घर-घर में सेवइयां और स्वादिष्ट पकवान बनाए जाते हैं। दोस्त, रिश्तेदार और पड़ोसी एक-दूसरे के घर जाते हैं, मिठाइयों का आदान-प्रदान करते हैं और साथ मिलकर खुशियां मनाते हैं।
- इस दिन बच्चों के लिए सबसे खास चीज़ होती है ईदी, जो बड़े अपने छोटे भाइयों, बहनों या रिश्तेदारों को पैसे या तोहफे के रूप में देते हैं। ईद का असली उद्देश्य सिर्फ खुद खुश होना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की मदद करना भी है। इसलिए लोग फितरा (दान) देकर गरीबों और बेसहारा लोगों को भी इस खुशी में शामिल करते हैं।
