MP; झाबुआ में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत व 8 घायल!

मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार लोगों की जान ले ली। पेटलावद के रायपुरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बोलासा घाट पर रात करीब 11 बजे एक सवारी वाहन (टैम्पो ट्रैक्स) पलट गया। इस हादसे में एक महिला समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान एक और घायल की अस्पताल में मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है और घायल परिजनों की हालत देखकर अस्पताल में मौजूद लोग भी स्तब्ध हैं।
पेटलावद थाना प्रभारी दिनेश शर्मा के अनुसार हादसे के समय सभी लोग धार जिले से पेटलावद सिविल अस्पताल की ओर जा रहे थे। उनके परिवार का एक सदस्य जहर खाने की वजह से बीमार हो गया था और उसे इलाज के लिए लाया जा रहा था। रास्ते में बोलासा घाट पर चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि रात का समय और घाटी की तीव्र ढलान हादसे का मुख्य कारण बनी। वाहन की गति भी ज्यादा थी, जिससे चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन पलट गया।
घायलों को तत्काल पेटलावद सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से दो की हालत ज्यादा गंभीर होने पर उन्हें गुजरात के दाहोद रेफर किया गया है। बाकी का इलाज पेटलावद में चल रहा है। प्रशासन द्वारा तत्काल राहत और मेडिकल सहायता की व्यवस्था की गई। हादसे की खबर मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने शुरू किया राहत कार्य घटना के बाद कुछ देर तक घाट पर अफरा-तफरी मची रही। ग्रामीणों और राहगीरों ने घायलों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकाला। हादसे की वजह से कुछ समय के लिए आवाजाही भी बाधित रही।
